ऑल इंडिया खो-खो चैम्पियनशिप को लेकर सीएसजेएमयू में कोच-मैनेजर बैठक, तैयारियों को अंतिम रूप

WhatsApp Channel Join Now
ऑल इंडिया खो-खो चैम्पियनशिप को लेकर सीएसजेएमयू में कोच-मैनेजर बैठक, तैयारियों को अंतिम रूप


कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। ऑल इंडिया पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करना हमारी प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विश्वविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सीएसजेएमयू में आयोजित कोच एवं मैनेजर बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सभी सहभागियों ने सफल आयोजन का भरोसा जताया। यह बातें शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में ऑल इंडिया पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप 2025–26 के सफल आयोजन को लेकर कोच एवं मैनेजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नॉर्थ ज़ोन प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

बैठक में देशभर के लगभग 16 विश्वविद्यालयों के कोच एवं मैनेजरों ने भाग लिया और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी भूपेंद्र सिंह और विनय कुमार जायसवाल ने प्रतिभागियों को खेल के नवीनतम नियमों, तकनीकी मानकों और प्रतियोगिता संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

उन्होंने प्रतियोगिता को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया। साथ ही, प्रतिभागियों के सुझावों को भी गंभीरता से लेते हुए आयोजन को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार, खेल सचिव डॉ. निमिषा कुशवाहा सहित विभाग के शिक्षकगण एवं कोच मौजूद रहे। सभी ने प्रतियोगिता के सफल और सुचारु संचालन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story