संन्यासी सीएम याेगी का राजधर्म, मातृशोक में भी जनकल्याण सर्वोपरि

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत पीड़ा और संवैधानिक दायित्वों के बीच संतुलन साधना हर किसी के वश की बात नहीं होती, लेकिन गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बाबा गोरखनाथ की धरती से कर्तव्यनिष्ठा और राजधर्म की एक ऐसी हृदयस्पर्शी मिसाल पेश की, जिसने हर संवेदनशील मन को भावुक कर दिया है। गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में विद्यार्थियों के लिए आयोजित टैबलेट वितरण समारोह के दौरान जब मुख्यमंत्री को मां के निधन की हृदयविदारक सूचना मिली, तब भी उन्होंने अपनी निजी पीड़ा और अंतर्मन में उमड़े असहनीय शोक को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के मार्ग में नहीं आने दिया। अपूरणीय क्षति की सूचना के बाद भी उन्होंने पूरी दृढ़ता के साथ कार्यक्रम संपन्न कराया।

गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों के लिए टैबलेट वितरण के समारोह का माहौल बेहद उत्सवी और उत्साहपूर्ण था। मंच पर 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट देने के बाद सीएम योगी अपने संबोधन से हजारों विद्यार्थियों को प्रेरित कर रहे थे, उनका करियर कैसे संवरेगा, इसके लिए गुरुमंत्र दे रहे थे। जैसे ही उनका प्रेरक संबोधन समाप्त हुआ तो वह विद्यार्थियों के बीच जाकर उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए मंच से उतरने को बढ़े। मुख्यमंत्री के पोडियम से हटते ही उन्हें माता सावित्री देवी जी के निधन की अत्यंत दुखद सूचना दी गई।

मां के गोलोकवासी होने की जानकारी मिलते ही सीएम योगी की आंखें भर आईं। दुःख और शोक से मिश्रित अंतर्मन की भावनाएं उमड़ने को हुईं, लेकिन मुख्यमंत्री ने सामने हजारों माताओं के बच्चों को बैठे देखा जो उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों को लेकर उत्साह से लबरेज थे। उन्हें पता था कि मुख्यमंत्री भाषण खत्म करने के बाद उनके बीच जरूर आएंगे। मुख्यमंत्री ने क्षण भर में ही विद्यार्थियों की उम्मीदों को भांप लिया। अथाह निजी पीड़ा और शोक को परे रखकर वह संयत होकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उनके साथ सेल्फी लेकर उनसे अनकहा वादा निभाया, उन्हें प्रोत्साहित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों को उस समय इस बात का आभास तक नहीं हो सका कि उनके साथ खड़े प्रदेश के मुखिया इस समय कितने बड़े व्यक्तिगत आघात से गुजर रहे हैं।

कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जब बाद में इस घटना की जानकारी हुई, तो हर कोई स्तब्ध रह गया। मां का निधन, किसी भी पुत्र के लिए जीवन का सबसे दुखद व कठिन क्षण होता है, लेकिन एक संन्यासी और प्रदेश के मुखिया के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस संयम और धैर्य का परिचय दिया, वह अनिवर्चनीय था। लोगों ने इसे जनसेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता' और 'राष्ट्र प्रथम' संकल्प का जीवंत उदाहरण बताया। मातृशोक की गहरी पीड़ा को भीतर समेटे हुए मुख्यमंत्री ने जिस तरह युवाओं के कल्याण, उनके भविष्य और प्रदेश सेवा के प्रति अपना समर्पण दिखाया, वह सार्वजनिक जीवन में शुचिता और कर्तव्यपरायणता के मानक के रूप में याद रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story