मुख्यमंत्री योगी कल फर्रुखाबाद में बाढ़ क्षेत्र का करेंगे हवाई सर्वेक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी कल फर्रुखाबाद में बाढ़ क्षेत्र का करेंगे हवाई सर्वेक्षण


—एक हजार पीड़ित परिवारों को बांटी जाएगी राहत सामग्री, बेघर हुए लोगों को मिलेंगे भूमि आवंटन प्रमाण पत्र

फर्रुखाबाद, 02 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जनपद पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर वास्तुस्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी परेशानियों को भी जानेंगे। मुख्यमंत्री यहां राहत व आवश्यक सामग्री भी वितरित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ से फर्रुखाबाद पहुंचेंगे। इस दौरान वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हाल से अवगत होंगे। पूर्वाह्न 11:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड उतरेगा।

मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:40 बजे पुलिस लाइन में बने बाढ़ राहत शिविर पहुंचेंगे। वहां राहत सामग्री वितरित करेंगे। यहां जनपद के बाढ़ पीड़ित एक हजार परिवारों को आवश्यक सामग्री और राशन समेत राहत किट प्रदान करेंगे। साथ ही बाढ़ से बेघर हुए परिवारों को नए मकान बनाने के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और आपदा मोचक निधि से आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपेंगे। यहां आमजन से संवाद के उपरांत मुख्यमंत्री मथुरा रवाना हो जाएंगे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story