मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी महाराज को दी श्रद्धांजलि, 12 यूनिट की फ्री डायलिसिस सुविधा का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी महाराज को दी श्रद्धांजलि, 12 यूनिट की फ्री डायलिसिस सुविधा का किया उद्घाटन


मथुरा, 17 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार काे मथुरा के बरसाना स्थित मान मंदिर (माताजी गौशाला) पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रख्यात संत, पर्यावरणविद् और पद्मश्री से सम्मानित ब्रह्मलीन संत श्री रमेश बाबा जी महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी का पूरा जीवन ब्रज संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण रक्षा और गोसेवा के लिए समर्पित था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से लगभग 10 वर्ष पहले जब उन्हें यहाँ आने का अवसर मिला था, तब यहाँ केवल सूखी पहाड़ियां दिखाई देती थीं, लेकिन संतों के सेवाभाव और प्रयासों से आज वहाँ चारों ओर हरियाली और एक पावन तीर्थ का स्वरूप देखने को मिलता है। उन्होंने संतों के शिष्यों और अनुयायियों से अपील की कि वे रमेश बाबा जी के गोसेवा और लोक कल्याण के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान ब्रह्मलीन संत के अनुयायियों और शिष्यों द्वारा माताजी गौशाला ट्रस्ट के माध्यम से 12 यूनिट की फ्री डायलिसिस सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया, जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औपचारिक उद्घाटन किया। इस स्वास्थ्य सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के जरूरतमंद और गरीब मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सभी शिष्यों व संतों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story