मुख्यमंत्री योगी का सुलतानपुर दौरा 7 जुलाई को, जनसभा को करेंगे संबोधित

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी का सुलतानपुर दौरा 7 जुलाई को, जनसभा को करेंगे संबोधित


सुलतानपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 7 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर सुलतानपुर पहुंचकर जिले को 81 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ ही विवेकनगर स्थित जीआईसी सर्कस ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन ग्राउंड में बने हैलिपैड पर उतरेंगे। प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद वह सुलतानपुर एवं इसौली विधानसभा क्षेत्र की 81 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा जनपद के विकास को नई गति और दिशा देने वाला साबित होगा। मुख्यमंत्री लगभग 12:30 बजे विवेकनगर स्थित जीआईसी सर्कस ग्राउंड पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने जिला पदाधिकारी व मण्डल अध्यक्षों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रघुवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है।जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत के साथ जुट गया है।वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक में संदीप सिंह,विजय त्रिपाठी, अयोध्या वर्मा,अखिलेश जायसवाल,चन्दन नारायन सिंह, आशीष सिंह रानू,आनन्द द्विवेदी,रेखा निषाद, अतुल कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी व मण्डल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story