नवरात्रि की सप्तमी पर सीएम योगी ने शक्तिपीठ देवीपाटन में की शक्ति की आराधना

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि की सप्तमी पर सीएम योगी ने शक्तिपीठ देवीपाटन में की शक्ति की आराधना


नवरात्रि की सप्तमी पर सीएम योगी ने शक्तिपीठ देवीपाटन में की शक्ति की आराधना


बलरामपुर 25 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन पहुंचे। उन्होंने मां पाटेश्वरी देवी का विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थापित पात्र देवता रतन नाथ योगी के दालिचा पर भी पहुंचकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित समय से लगभग एक घंटे विलंब से दोपहर 1:20 बजे मां पाटेश्वरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भवानियापुर (तुलसीपुर) स्थित हेलीपैड पर उतरा। हैलीपेड पर देवीपाटन पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी महाराज ने स्वागत किया। वहां से कार द्वारा उनका काफिला सीधे देवीपाटन मंदिर पहुंचा। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में पहुंच मां पाटेश्वरी जी का दर्शन-पूजन किया।

पूजन-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित पात्र देवता रतन नाथ योगी के दालिचा पर पहुंचे और श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रूप से संचालित किया गया।

मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक मंदिर परिसर में रुकेंगे। इसके बाद वह कार द्वारा हेलीपैड पहुंचकर आगे के कार्यक्रम के लिए प्रस्थान करेंगे। उल्लेखनीय है कि बीते 15 दिनों में मुख्यमंत्री की यह देवीपाटन मंदिर की दूसरी यात्रा है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ की गई हैं। नवरात्रि मेले के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया है ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story