बागपत : मुख्यमंत्री योगी की माता जी को जिलाधिकारी ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
बागपत : मुख्यमंत्री योगी की माता जी को जिलाधिकारी ने दी श्रद्धांजलि


बागपत, 26 नवंबर (हि.स.)। बागपत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन पर गुरुवार को बागपत के जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने भगवानपुर नांगल स्थित श्री शिव गोरखनाथ मठ पहुंच कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों अधिकारियों ने दिवंगत सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

श्रद्धांजलि के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद परिवार के लिए अनमोल होता है। उनके निधन से हुई क्षति अपूरणीय है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मठ परिसर एवं आश्रम का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। करीब 400 वर्ष पुरानी तपोस्थली के रूप में प्रसिद्ध श्री शिव गोरखनाथ मठ बागपत की प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। यहां बाबा छोटेनाथ और बाबा लिच्छीनाथ की समाधियां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र हैं। मठ परिसर में कई मंदिर और धार्मिक स्थल भी स्थित हैं। आश्रम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए पर्यटन विभाग की ओर से यहां विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए गए हैं। अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को देखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story