पांच राज्यों के चुनाव नतीजे जनता का प्रधानमंत्री पर बढ़ते विश्वास का परिणाम : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
पांच राज्यों के चुनाव नतीजे जनता का प्रधानमंत्री पर बढ़ते विश्वास का परिणाम : योगी आदित्यनाथ


मुख्यमंत्री योगी ने चुनाव परिणाम की कार्यकर्ताओं को दी बधाई

लखनऊ, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच राज्यों में चुनाव नतीजों को देश की जनता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बढ़ते अटूट विश्वास का परिणाम बताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए ऐतिहासिक जीत को पार्टी पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रतिफल बताते हुए बधाई दी है।

मुख्यमंत्री योगी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधान सभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है।

पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा-एनडीए) गठबंधन की सरकार बनना इसी अगाध विश्वास का सुफल है। जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री जी के 'नए भारत-विकसित भारत' के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा। इस ऐतिहासिक विजय के लिए पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन व राष्ट्रवाद को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाली जनता-जनार्दन का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story