मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश


जनपद में आपदा प्रभावित लोगों को समय से कराएं भुगतान

चित्रकूट, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार कलेक्ट्रेट सभागार, चित्रकूट में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत संबद्ध चिकित्सालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत देय भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पोषण किट की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को एक-एक टीबी मरीज गोद लेकर उसके उपचार एवं पोषण में सहयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में न्यूनतम 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

वन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटियार ने अवगत कराया कि 12 जुलाई को प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगभग 88 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा गड्ढों की खुदाई एवं पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। माननीय मुख्यमंत्री ने वन भूमि पर अवैध कब्जों की समीक्षा करते हुए उन्हें हटाने तथा जिन वन मार्गों का जनसामान्य द्वारा उपयोग किया जाता है, उनके विकास हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 290 निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर विचरण करता हुआ न मिले। उन्होंने भूसा बैंक की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि सभी गोशालाओं में भूसे के साथ-साथ हरे चारे की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में 141 इंटर कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 114 विद्यालय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने छात्र संख्या की समीक्षा करते हुए प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत स्वीकृत समस्त कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने बताया कि जनपद में 1,262 विद्यालय संचालित हैं तथा लगभग 1.11 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है। कृषि एवं बैंकिंग क्षेत्र की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अग्रणी जिला प्रबंधक को किसानों एवं युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खनिज विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा अन्य राज्यों से आने वाले अवैध खनन से जुड़े वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को राजापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्रंट कॉरिडोर का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सड़क परियोजनाओं सहित स्थानीय विकास संबंधी विषय भी उठाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत वर्षों में जनपद चित्रकूट में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं तथा इसकी स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सड़क अवसंरचना सराहनीय है। उन्होंने राजस्व प्रकरणों, विशेषकर पैमाइश एवं नामांतरण के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने चित्रकूट को धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी बताते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु छोटी धर्मशालाओं के विकास पर भी बल दिया।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, थाना व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सोशल मीडिया पर अफवाह एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में महिलाओं से संवाद स्थापित करने तथा शहरी क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क विस्तारित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रदेश मंत्री अनिल यादव, पुलिस महानिरीक्षक ज्योति नारायण, मंडलायुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा अजीत कुमार, पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र बांदा राजेश एश, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, विधान परिषद सदस्य (शिक्षक) बाबूलाल तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अशोक जाटव, जिलाध्यक्ष भाजपा महेंद्र कोटार्य, पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, भैरो प्रसाद मिश्रा, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पंकज अग्रवाल, जिला महामंत्री अश्विनी अवस्थी व अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारी गढ़ उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Share this story