सपा-कांग्रेस ने गरीबों को केवल वोट बैंक समझा : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
सपा-कांग्रेस ने गरीबों को केवल वोट बैंक समझा : योगी आदित्यनाथ


सपा-कांग्रेस ने गरीबों को केवल वोट बैंक समझा : योगी आदित्यनाथ


मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर चलाएं अभियान

लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा ने गरीबों को केवल वोट बैंक समझा। जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले लोगों से सतर्क रहना होगा। विखंडन करने वाले लोग बांटने में विश्वास करते हैं और बांटने के कारण ही काटने में सफल होते हैं। इसलिए हमें इस बात को ध्यान में रखना होगा कि बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने, सोशल मीडिया पर सकारात्मक नैरेटिव बनाने, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने की अपील की।

रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को अयोध्या के विकास की बात करने का अधिकार नहीं

मुख्यमंत्री ने 30 अक्टूबर 1990 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह तारीख भाजपा कार्यकर्ताओं और रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। उस समय समाजवादी पार्टी सरकार ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं। अयोध्या की गलियों को लहूलुहान किया गया और सरयू का जल रक्तरंजित हुआ। तब कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया था कि लाठी-गोली खाएंगे, लेकिन मंदिर वहीं बनाएंगे। अगर उस समय कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट गया होता और वे आलोचनाओं से विचलित हो गए होते तो क्या आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाता? 22 जनवरी 2024 को करोड़ों सनातनियों ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अवसर देखा। राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने वाली समाजवादी पार्टी आज अयोध्या के विकास की बात करती है, जबकि अयोध्या के विकास में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी हमेशा बाधा बनी रहीं।

सीएम ने कहा कि पहले अयोध्या में बिजली, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। आज वहां फोरलेन कनेक्टिविटी, डबल रेलवे ट्रैक और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधा है। अयोध्या का एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है, क्योंकि रामकथा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

सरकार की उपलब्धियों का बूथ स्तर तक करें प्रचार

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार के कामकाज और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलना जनता के सामने रखनी होगी। उन्होंने इसके लिए बैठक में कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई पुस्तिकाओं का अध्ययन कर उन्हें बूथ स्तर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधायकों से प्रत्येक बूथ तक इन पुस्तिकाओं और तुलनात्मक जानकारी को पहुंचाने की योजना बनाने को कहा।

उन्होंने दीपोत्सव और दीपावली को सामाजिक सहभागिता से जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ता अपने गांव और बूथ में गरीब, वंचित तथा निराश्रित परिवारों तक दीप और मिठाई पहुंचाएं।

एसआईआर में छूटे नाम जुड़वाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता है। एसआईआर से पहले की मतदाता सूची के विश्लेषण में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाताओं के नाम सामने आए हैं, जो विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। इनमें ऐसे लोग भी हैं, जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं। कई सारे नाम ऐसे हैं, जो सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, जबकि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है। इसके अतिरिक्त 18-19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 4.5 लाख युवाओं के नाम भी सूची में शामिल होने चाहिए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, प्रो. एसपी सिंह बघेल, कीर्तिवर्धन सिंह, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सहित प्रदेश के सह-प्रभारी, मंत्री और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story