लखीमपुर सड़क हादसे में मुख्यमंत्री योगी ने परिजनाें काे दो-दो लाख की सहायता राशि देने का किया ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
लखीमपुर सड़क हादसे में मुख्यमंत्री योगी ने परिजनाें काे दो-दो लाख की सहायता राशि देने का किया ऐलान


लखनऊ/लखीमपुर खीरी, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में ईसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखीमपुर-नानपारा मार्ग पर सोमवार की सुबह एक सवारी मैजिक वाहन और ट्रक के बीच सीधी भिड़ंत में 10 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों से संवाद बनाकर हर संभव मदद उपलब्ध करवाये।

उल्लेखनीय है कि लखीमपुर में मजदूरी करने के बाद सभी मजदूर मैजिक वाहन से घर बहराइच जनपद के नानपारा लौट रहे थे। सुबह करीब 7:00 बजे ईसानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अदलीसपुर के मजरा भरेहटा के पास बहराइच की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक और मजदूराें के मैजिक वाहन की आमने-सामने की टक्कर हाे गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और हादसे में आठ पुरुष और दो महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पाेस्टमार्टम हाउस पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बताया कि लखीमपुर से बहराइच की ओर जा रही सवारी मैजिक वाहन और सामने से आ रहे ट्रक की भिड़ंत हो गई। सभी मृतकों की शिनाख्त कर ली है और उनके शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकाें की पहचान जयवीर सिंह (25) पुत्र पेशकार सिंह, निवासी मनगौढिया, मोतीपुर, बहराइच,पवन कुमार पुत्र संतोष, निवासी रामवचनपुरवा, बहराइच, सोहन (21) पुत्र संतोष, निवासी रामवचनपुरवा, बहराइच, अदनान (19) पुत्र वकील, निवासी सिसैया, धौरहरा, खीरी, राजेश गोयल (45) पुत्र मनीलाल गोयल, निवासी मिहीपुरवा, बहराइच, सहजराम (35) पुत्र छोटे निषाद, निवासी ककरहा, मूर्तिहा, बहराइच, पप्पू (18) पुत्र दूलन गौतम, निवासी देवदत्तपुर, खैरीघाट, बहराइच, गायत्री वैश्य (44) पत्नी रमेशचन्द्र गुप्ता, निवासी विजय लक्ष्मीनगर, सीतापुर (पेशा-शिक्षिका, प्रा. वि. रायबोझना, बहराइच), जुलेखा (55) निवासी पलटूपुरवा, धौरहरा, खीरी और कलैश (40) पुत्र झब्बू लाल वर्मा, निवासी ग्राम अमेठी, धौरहरा, खीरी के रूप में हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story