विचार परिवार की समन्वय बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
विचार परिवार की समन्वय बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी : प्रकाश पाल


कानपुर, 05 मार्च (हि.स.)। विचार परिवार की यह समन्वय बैठक संगठन और वैचारिक संगठनों के बीच तालमेल को और मजबूत करने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिए महत्वपूर्ण है। यह जानकारी गुरुवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में विभिन्न आयामों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा और भविष्य की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित होने वाली इस बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य रूप से शामिल होंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल भी सहभागिता करेंगे। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11 बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर स्थित हैलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां कानपुर महानगर के सांसद, विधायक एवं विधान परिषद सदस्य उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल विद्यालय पहुंचेंगे, जहां ‘विचार परिवार’ की समन्वय बैठक में भाग लेंगे।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सड़क मार्ग से कानपुर पहुंचेंगे। जाजमऊ पुल पर पार्टी पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे भी सीधे नवाबगंज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। बैठक में संगठनात्मक विषयों, वैचारिक समन्वय और आगामी अभियानों को लेकर चर्चा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story