वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन के लिए काशी पहुंचे सीएम योगी, रेलमंत्री के साथ हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
बनारस स्टेशन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत, वाराणसी-दिल्ली के बीच शुरू होगी नई रेल सेवा
वाराणसी। वाराणसी और दिल्ली के बीच वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के संचालन की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को काशी पहुंचे। बनारस स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ नई वंदेभारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

नई रेल सेवा को पूर्वांचल के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के संचालन से वाराणसी और देश की राजधानी दिल्ली के बीच लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक बनाने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में यात्रियों को रात्रिकालीन सफर के दौरान आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
इस रेल सेवा से कारोबार, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वांचल और राष्ट्रीय राजधानी के बीच संपर्क व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

रेलवे की ओर से नई ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की गई हैं। मुख्यमंत्री और रेल मंत्री की मौजूदगी में ट्रेन को रवाना किया जाएगा। नई वंदेभारत स्लीपर सेवा से वाराणसी को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

