चित्रकूट के पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री याेगी से की बाढ़ प्रभाविताें काे विशेष राहत पैकेज देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूट के पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री याेगी से की बाढ़ प्रभाविताें काे विशेष राहत पैकेज देने की मांग


-लोकभवन में अपर मुख्य सचिव (गृह) प्रसाद को दिया बाढ़ से हुए नुकसान का ब्यौरा

चित्रकूट, 01 सितंबर (हि.स.)। मंदाकिनी, पैश्वनी और बरदहा नदियों में आई भीषण बाढ़ से चित्रकूट जनपद में हुई भारी तबाही का मुद्दा अब लखनऊ तक पहुंच गया है। बाढ़ प्रभावित किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर बांदा-चित्रकूट के पूर्व सांसद आर.के.सिंह पटेल ने लखनऊ में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद से मुलाकात कर चित्रकूट में प्रभावी ढंग से बाढ़ प्रभावितों को राहत एवं क्षतिपूर्ति दिलाये जाने की मांग की।

पूर्व सांसद ने लोकभवन में अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद से मुलाकात कर चित्रकूट में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों और जन-धन, फसलों, मकानों, दुकानों तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों को हुए नुकसान से अवगत कराया। कहा कि बाढ़ ने चित्रकूट में किसानों और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबकर नष्ट हो गई। रामघाट सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मकानों, दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। बड़ी संख्या में परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री के नाम दिए पत्र में मांग की कि, बाढ़ से हुई क्षति का विशेष सर्वेक्षण तत्काल कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान सामने आ सके और प्रभावित लोगों को बिना देरी के उचित मुआवजा मिल सके।

उन्होंने किसानों की नष्ट फसलों के लिए फसल क्षतिपूर्ति, क्षतिग्रस्त मकानों एवं घरेलू संपत्तियों के लिए आर्थिक सहायता तथा बाढ़ प्रभावित दुकानदारों और व्यापारियों के लिए विशेष राहत उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई।

पूर्व सांसद पटेल ने कहा कि चित्रकूट में बाढ़ कोई एक दिन की समस्या नहीं है। मंदाकिनी समेत अन्य नदियों में जलस्तर बढ़ने पर हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में उन्होंने भविष्य में बाढ़ से होने वाली तबाही को रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी बाढ़ नियंत्रण कार्य कराए जाने की मांग भी की । पूर्व सांसद ने कहा कि मौजूदा संकट में प्रभावित परिवारों को तत्काल सरकारी मदद की जरूरत है। उन्होंने राज्य सरकार से चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए विशेष राहत पैकेज स्वीकृत कर तत्काल आर्थिक सहायता एवं क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराये जाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Share this story