शिक्षक बंधुओं के बीच पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 12 अक्टूबर को दिग्विजयनाथ पार्क में होगी विशाल जनसभा

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक बंधुओं के बीच पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 12 अक्टूबर को दिग्विजयनाथ पार्क में होगी विशाल जनसभा


शिक्षक बंधुओं के बीच पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 12 अक्टूबर को दिग्विजयनाथ पार्क में होगी विशाल जनसभा


गोरखपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। चुनावी अभियान को धार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 12 अक्टूबर को दिग्विजयनाथ पार्क, निकट सर्किट हाउस, गोरखपुर में शिक्षक बंधुओं की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में शिक्षक विधान परिषद चुनाव से जुड़े शिक्षक मतदाताओं, विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों के साथ भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और चुनाव अभियान से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को सफल बनाने और शिक्षक विधान परिषद चुनाव की रणनीति को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने के लिए भाजपा गोरखपुर क्षेत्र ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में 12 अक्टूबर की जनसभा की तैयारियों, शिक्षक मतदाता संपर्क अभियान तथा चुनाव को लेकर संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शिक्षक बंधुओं के साथ होने वाली जनसभा केवल चुनावी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि शिक्षक समाज के साथ संवाद और विश्वास को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण का अग्रदूत रहा है। नई पीढ़ी को दिशा देने, संस्कार एवं अनुशासन विकसित करने तथा युवाओं में राष्ट्रभावना जागृत करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भाजपा शिक्षक विधान परिषद चुनाव को इसी दृष्टि से पूरी गंभीरता और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ लड़ रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता का आधार मजबूत संगठन, प्रभावी रणनीति और प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत संपर्क है। कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय शिक्षक मतदाताओं के साथ निरंतर संवाद और आत्मीय संबंध बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने प्रत्येक जिले, विधानसभा और निर्धारित क्षेत्र में मतदाता संपर्क अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

विनोद राय ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत तभी दिखाई देती है, जब क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ता एक लक्ष्य और एक रणनीति के साथ काम करें। शिक्षक विधान परिषद चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी को अभियान की सफलता से जोड़कर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि एक-एक शिक्षक मतदाता तक पहुंचना, उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सुनना तथा भाजपा की नीतियों और सरकार द्वारा शिक्षक हित में किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना अभियान की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर की जनसभा में शिक्षक विधान परिषद चुनाव से जुड़े सम्मानित शिक्षक, विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रबंधक, सभी जिलों के जिला संयोजक, विधानसभा संयोजक एवं सह संयोजक, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक संजीव राय ने सभी जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शिक्षक मतदाता संपर्क अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए आगामी दिनों में विभिन्न जिलों में संचालित होने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना से पदाधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क को प्राथमिकता दी जा रही है और 12 अक्टूबर की जनसभा में अधिक से अधिक शिक्षक बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

संजीव राय ने कहा कि संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति देंगे। जनसभा को सफल बनाने के साथ ही शिक्षक विधान परिषद चुनाव में भाजपा के पक्ष में मजबूत वातावरण तैयार करने के लिए व्यापक मतदाता संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

बैठक का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक संजीव राय ने किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, भास्कर निषाद, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश शाही, युधिष्ठिर, कृष्णगोपाल जायसवाल, राजेंद्र पांडेय, अरजीत सिंह, राजेश गुप्ता, रणजीत राय बड़े, राधेश्याम पाण्डेय, क्षेत्रीय मंत्री सुनीता अग्रहरि, हरिकेश गुप्ता, ध्रुव श्रीवास्तव, वैभव पाण्डेय, कन्हैया पासवान, राजेश पाल चौधरी, बंधु प्रसाद बेलदार, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी राहुल तिवारी एवं क्षेत्रीय आईटी संयोजक अनादि प्रिय पाठक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story