प्रयागराज के डीहा में सीएम मॉडल विद्यालय के लिए 35 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज के डीहा में सीएम मॉडल विद्यालय के लिए 35 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त


--करछना विधायक की मांग पर सीएम ने विद्यालय को दी मंजूरी

प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के करछना तहसील के अंतर्गत डीहा उपरहार में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण की मंजूरी शासन स्तर से मिल चुकी है। इसके लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है।

संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि कार्यदायी संस्था कांस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (उप्र जल निगम) है। डीपीआर भी बन चुका है। व्यय वित्त समिति ने इसके मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। विद्यालय को बनाने में 2632.72 लाख रुपये व्यय होंगे। इसकी प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के साथ प्रथम किश्त के रूप में 35 प्रतिशत धनराशि अर्थात 921.452 लाख रुपये अवमुक्त कर व्यय किए जाने की स्वीकृति हो चुकी है।

यह विद्यालय स्थानीय विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद के प्रयास से खोला जा रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत मुलाकात करते हुए आग्रह किया था। उन्होंने बताया था कि क्षेत्र में कोई स्तरीय विद्यालय नहीं है। यदि एक मॉडल विद्यालय बनता है तो निम्न व मध्यम आय वर्ग के बच्चों को पढ़ाई के लिए अच्छा अवसर मिलेगा।

बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि विद्यालय निर्माण के लिए धनराशि जारी हो गयी है, इस गुणवत्तायुक्त उच्च स्तरीय विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के निम्न और मध्यम आय वर्ग के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story