औरैया में 3.71 करोड़ से बने सैनिक कल्याण कार्यालय और विश्रामगृह का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में 3.71 करोड़ से बने सैनिक कल्याण कार्यालय और विश्रामगृह का लोकार्पण


औरैया, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ छावनी में आयोजित सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवनों और विश्रामगृहों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इनमें औरैया जनपद भी शामिल है। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।

औरैया में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवन और विश्रामगृह का निर्माण 371.17 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्मित इस परिसर में कार्यालय भवन, विश्रामगृह के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने औरैया के अलावा अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र में भी नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इन आठ जनपदों में परियोजनाओं पर कुल 2745.23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

नवनिर्मित भवनों से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को विभागीय कार्यों के निस्तारण, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की व्यवस्थाएं भी मजबूत होंगी।

इस दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा में योगदान देने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके सम्मान और सुविधा के लिए बेहतर आधारभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पवन तिवारी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी समेत पूर्व सैनिक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story