हाथरस : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 214 बेटियों का विवाह संपन्न, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 214 बेटियों का विवाह संपन्न, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद


हाथरस, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अलीगढ़ रोड स्थित कैला फार्म हाउस में 214 बेटियों का सामूहिक विवाह वैदिक रीति-रिवाज और सौहार्दपूर्ण वातावरण में शनिवार को संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। इससे गरीब परिवार सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह कर पा रहे हैं। उन्होंने नवदंपतियों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ तथा बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत का माध्यम बन चुकी है। नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story