दीपावली से पहले सीएम ग्रिड व सफाई कार्य हो तेज : महेंद्र सिंह तंवर

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली से पहले सीएम ग्रिड व सफाई कार्य हो तेज : महेंद्र सिंह तंवर


कानपुर 01 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली से पहले शहर में स्वच्छता व्यवस्था और सड़क सुधार के कामों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान यातायात और आमजन की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने देर रात नगर निगम व जिला प्रशासन की टीम के साथ निरीक्षण के दौरान दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले जाजमऊ के तेल मिल के पास स्थित पोर्टेबल कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) का निरीक्षण किया। यहां प्रतिदिन करीब 13 मीट्रिक टन कूड़ा पहुंचने की जानकारी दी गई। कूड़े के परिवहन के लिए कई वाहन रोज दो-दो चक्कर लगाते हैं। हाथ कूड़ा गाड़ियों और टाटा ऐस वाहनों से कूड़ा एकत्र कर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाया जा रहा है। मौके पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों के काम की सराहना की।

इसके बाद केडीए चौराहा और लाल बंगला क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की प्रगति, सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि सीएम ग्रिड के फेज-1 में करीब 16 किलोमीटर और फेज-2 में करीब 13 किलोमीटर क्षेत्र में काम कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली से पहले अधिक से अधिक सीएम ग्रिड कार्य पूरे कराने का प्रयास है। शेष काम भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं। निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद जाजमऊ स्थित गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट का निरीक्षण किया गया। उन्होंने जोनल स्वच्छता अधिकारी को आसपास से कूड़े का नियमित संकलन कर उसे नजदीकी पीसीटीएस भेजने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को निर्धारित व्यवस्था के तहत कूड़ा देने के लिए जागरूक कर गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट समाप्त करने की कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण में नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी समेत नगर निगम, जिला प्रशासन, सीएम ग्रिड और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story