पात्रता सूची से छूटे गरीबों को मिलेगा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ
लखनऊ, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची से छूटे गरीबों मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए ग्रामीण अपने संबंधित खण्ड विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण से संपर्क कर सकते हैं। पात्रता सही पाए जाने की दशा में प्राथमिकता श्रेणी के इन लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ दिया जाएगा। राज्य स्तर से इस योजना के समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए सभी मुख्य विकास अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने गुरुवार काे बताया कि राज्य सरकार द्वारा फरवरी 2018 से संचालित की जा रही इस योजना के तहत अब तक कुल 5.87 लाख आवासों का आवंटन किया जा चुका है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1.16 लाख मुख्यमंत्री आवासों के आवंटन का लक्ष्य रखा गया है। इसका जनपदवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए 'आवास सॉफ्ट' पोर्टल पर घरों की स्वीकृति और धनराशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया अंकित कर दी गई है। वर्तमान में जिला स्तर पर 52 हजार से अधिक लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है, जबकि शेष लाभार्थियों के संदर्भ में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

