मुरादाबाद में 15 व 16 दिसंबर को लगेगा क्लस्टर स्तरीय प्रदर्शनी -व्यापार मेला

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में 15 व 16 दिसंबर को लगेगा क्लस्टर स्तरीय प्रदर्शनी -व्यापार मेला


मुरादाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कारीगरों, विनिर्माताओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा निर्यातकों को घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से मुरादाबाद में 15 व 16 दिसंबर को क्लस्टर स्तरीय प्रदर्शनी/सह-व्यापार मेला लगेगा। इसके सफल आयोजन की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को कार्यालय परिक्षेत्रीय उद्योग कार्यालय, मुरादाबाद में संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्प को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना, खरीदारों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना तथा व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों के माध्यम से व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा दिया जाएगा।

संयुक्त आयुक्त उद्योग ने आगे बताया कि 15 व 16 दिसंबर को आयोजित होने वाले क्लस्टर स्तरीय प्रदर्शनी/सह-व्यापार मेले में प्रमुख एमएसएमई उद्यमियों एवं निर्यातकों के साथ-साथ देश-विदेश की प्रमुख बाइंग एजेंसियों एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे जनपद मुरादाबाद के ओडीओपी एवं क्लस्टर उत्पादों को सीधे निर्यात बाजार उपलब्ध हो सके।

सम्मेलन के अंतर्गत बी2बी मीटिंग के साथ-साथ निर्यात, वित्तीय सहायता, पैकेजिंग एवं डिजाइनिंग आदि विषयों पर ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ओडीओपी एवं औद्योगिक संगठनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में दीपेन्द्र कुमार, उपायुक्त उद्योग, विशाल अग्रवाल नेशनल चेयरमैन यंग एंटरप्रेन्योर सोसाइटी (यस), उज्ज्वल अग्रवाल, कुलदीप सिंह के अलावा आईआईए एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story