बरेली रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान एवं रेल जन संवाद का हुआ आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
बरेली रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान एवं रेल जन संवाद का हुआ आयोजन


मुरादाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं एसडब्ल्यूएम-2026 के अंतर्गत बरेली रेलवे स्टेशन पर शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में पान-पीक के दाग-धब्बों तथा अनावश्यक पोस्टर एवं बैनर हटवाकर साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, यात्रियों को स्टेशन परिसर में पान-पीक न थूकने तथा स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर यात्रियों के साथ संवाद कर स्टेशन पर सफाई व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाओं, ट्रेनों की समयबद्धता, कर्मचारियों के व्यवहार एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया से संबंधित सुझाव प्राप्त किए गए। यात्रियों ने स्टेशन पर बेहतर स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, नियमित सूचना प्रसारण तथा सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग एवं कचरे के उचित पृथक्करण के महत्व को समझाया गया तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की गई।

रेलवे का उद्देश्य स्वच्छ, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अभियान के माध्यम से यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने तथा ‘स्वच्छ रेल–स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने की अपील की गई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story