स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से ही बदलेगा समाज : प्रकाश नारायण पाण्डेय
कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। युवा यदि सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ें तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। यह बातें शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी सहायक प्रोफेसर प्रकाश नारायण पाण्डेय ने कही।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की एनएसएस डॉ. बीसी रॉय पंचम इकाई द्वारा राजापुरवा प्राथमिक विद्यालय में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ शुक्रवार को हुआ। शिविर के प्रथम दिवस का कार्यक्रम उत्साह, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्वयंसेविका कोपल तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और आगामी सात दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। स्वयंसेवकों ने एनएसएस का लक्ष्य गीत भी प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में राष्ट्रसेवा और समर्पण की भावना और प्रबल हुई।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित नुक्कड़ नाटक “अब बदलेगा हमारा मोहल्ला” प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
दूसरे सत्र में स्वयंसेवकों के बीच बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक मुद्दों, युवाओं की जिम्मेदारी और एनएसएस की भूमिका पर चर्चा की गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

