राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने की जनगणना में लगे शिक्षकों को अर्जित अवकाश देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने की जनगणना में लगे शिक्षकों को अर्जित अवकाश देने की मांग


लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य में लगे बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को उपार्जित अवकाश दिए जाने की मांग की है।

प्रदेश महामंत्री जोगेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि जनगणना का यह अनिवार्य राष्ट्रीय कार्य ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में कराया जा रहा है जिसके कारण शिक्षक अपने वैध अवकाश का उपभोग नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग 'वेकेशन विभाग' की श्रेणी में आता है तथा प्रचलित सेवा नियमों एवं उत्तर प्रदेश फाइनेंशियल हैंडबुक के प्रावधानों के अनुसार यदि किसी शिक्षक को अवकाश की अवधि में अनिवार्य राजकीय कार्य में लगाया जाता है तो वह उस अवधि के सापेक्ष अर्जित अवकाश का अधिकारी होता है। ग्रीष्मावकाश के दौरान उक्त कार्य में लगे शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में अर्जित अवकाश अंकित किया जाना न्यायोचित एवं नियमसंगत है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यदि संगठन की इस महत्वपूर्ण मांग को मुख्यमंत्री द्वारा पूरा किया जाता है तो प्रदेश के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के लाखों शिक्षक लाभान्वित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story