चित्रकूट : सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर की संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत
- सीएमओ डॉ महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को दिलाई संचारी रोग नियंत्रण की शपथ
चित्रकूट, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को स्वास्थ्य कर्मियों को शपथ दिलाकर एवं नगर पालिका परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली के साथ एक से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शुरुआत की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के मार्गदर्शन में संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक जुलाई से 31 जुलाई तक जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और डायरिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरुकता के साथ साथ इलाज के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। अभियान के दौरान स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का विशेष कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके अलावा जल भराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों और विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही निगरानी समितियां घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और संचारी रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराएंगी। साथ ही, महिलाओं और कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार भी दिया जाएगा।
सीएमओ डॉ त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगर विकास, पंचायतीराज, आईसीडीएस, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन और सूचना विभाग समन्वय बनाकर संचारी रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के अभियान में शामिल रहेंगे।
इस मौके पर एसीएमओ डॉ.संतोष कुमार, डॉ.रत्मेले, डॉ.जथरिया, डॉ.दया शंकर, डॉ. अरुण पटेल, डीएमओ आर.के.सिंह, पंकज गोयल, डीपीएम आर. के. करवरिया, एसएमआई रोहित व्यास व एमआई ज्योति, प्रगति चंदेल आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

