दीवानी अधिवक्ता संघ चुनाव: पहले दिन 57 प्रत्याशियों ने किया नामांकन, 19 का नामांकन बाकी
जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में दीवानी न्यायालय में आगामी दिनों में होने वाले अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष, मंत्री समेत विभिन्न पदों पर कुल 57 अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया हैं। नामांकन को लेकर कचहरी परिसर में दिनभर गहमागहमी रही। नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने समर्थक अधिवक्ताओं और मतदाताओं के बीच मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
इस संबंध में जानकारी लेने पर चुनाव अधिकारियों राजीव कुमार गुप्ता और गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि अधिवक्ता संघ के 15 पदों के लिए कुल 76 अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र लिया था। पहले दिन 57 अधिवक्ताओं ने नामांकन किया, जबकि 19 अधिवक्ताओं का नामांकन अभी शेष है। बुधवार को भी नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी।पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए रमेश चंद्र उपाध्याय, रुद्र प्रकाश यादव, लाल साहब यादव, अवधेश सिंह, अरुण कुमार सिन्हा और जवाहरलाल यादव ने नामांकन किया। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए अजय कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, शरदेंदु चतुर्वेदी, संजय कुमार गुप्ता, बृजमोहन सेठ, राजेश कुमार मौर्य और मोहम्मद शमीम खां ने पर्चा दाखिल किया।मंत्री पद के लिए मनीष सिंह, कृष्ण मोहन यादव, राजेश कुमार यादव, दिनेश कुमार सिंह, समर बहादुर यादव, यशवंत कुमार ओझा, धनंजय कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार प्रजापति और कृष्णकांत तिवारी ने नामांकन किया।इसके अलावा सहमंत्री पद के लिए चार, ऑडिटर पद के लिए दो, उपमंत्री पद के लिए नौ और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 20 अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ कचहरी परिसर में पहुंचे और चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं से संपर्क करते नजर आए।चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी जीत के लिए मतदाता अधिवक्ताओं से विभिन्न वादे कर रहे हैं। बुधवार को शेष प्रत्याशियों के नामांकन के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

