कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 में सिविल निर्माण कार्य तेजी से जारी : सुशील कुमार
कानपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन में सिविल निर्माण के साथ ट्रैक निर्माण और सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। लगातार बारिश के बावजूद विभिन्न विभागों के समन्वय से निर्माण कार्य जारी है और निर्धारित समय पर कानपुरवासियों को मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए टीम प्रतिबद्ध है। यह बातें रविवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के करीब 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन में बर्रा-8 और शास्त्री चौक स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई का काम पूरा कर लिया गया है। इससे पहले जून में विजय नगर चौराहा और बर्रा-7 स्टेशनों के प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई पूरी हो चुकी थी। इसके साथ ही चार स्टेशनों के आठ प्लेटफॉर्म की ढलाई पूरी हो गई है।
इन चारों एलिवेटेड स्टेशनों पर दो-दो प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म लेवल का काम पूरा होने के बाद अब चारों स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल पर सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़े तकनीकी कक्षों का निर्माण शुरू हो गया है। तकनीकी कक्ष तैयार होने के बाद यहां मेट्रो संचालन से संबंधित विभिन्न तकनीकी प्रणालियों और उपकरणों की स्थापना की जाएगी। वहीं, प्लेटफॉर्म की छत के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।
कॉरिडोर-2 के करीब 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण दो हिस्सों में किया जा रहा है। पहला हिस्सा सीएसए से कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक और दूसरा डबल पुलिया रैंप से बर्रा-8 तक है। इस सेक्शन में पांच स्टेशन एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 प्रस्तावित हैं।
कॉरिडोर-2 में एलिवेटेड सेक्शन के अलावा रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया स्टेशनों वाला करीब 4.10 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन भी है। नौबस्ता स्थित कास्टिंग यार्ड में पियर कैप, डबल टी-गर्डर, यू-गर्डर और आई-गर्डर जैसी प्री-कास्ट संरचनाओं की ढलाई पूरी की जा चुकी है। निर्माण स्थल पर इनके इरेक्शन का काम भी अंतिम चरण में है। इसके साथ ही ट्रैक निर्माण का काम भी जारी है।
करीब 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) में वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 15 किलोमीटर लंबे हिस्से में यात्री सेवाएं संचालित हो रही हैं। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता के शेष हिस्से में जल्द यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना है। वहीं करीब 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 का सिविल निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

