दीवानी अधिवक्ता संघ के चुनाव में 3622 मतदाता चुनेंगे 15 पदाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
दीवानी अधिवक्ता संघ के चुनाव में 3622 मतदाता चुनेंगे 15 पदाधिकारी


जौनपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दीवानी अधिवक्ता संघ का चुनाव शुक्रवार को होगा। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां गुरुवार तक पूरी कर ली गईं। अध्यक्ष, मंत्री सहित 15 पदों के लिए कुल 76 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 3622 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, संयुक्त मंत्री, उप मंत्री, लेखा निरीक्षक और कार्यकारिणी समेत कुल 15 पदाधिकारियों का चयन किया जाना है। चुनाव अधिकारी गौरी शंकर मिश्रा और राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि मतदान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान के बीच लंच का समय निर्धारित रहेगा।इस बार मतदान प्यारे मोहन हाल के प्रथम तल पर कराया जाएगा। चुनाव के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए मतदान स्थल सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। मतदान के लिए कुल 80 बूथ और 12 टेबल बनाए गए हैं। मतदान कक्ष में मोबाइल फोन का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मतदाता अधिवक्ताओं के लिए सीओपी कार्ड और दीवानी अधिवक्ता संघ द्वारा जारी परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य है। निर्धारित पहचान पत्र नहीं होने पर मतदान से वंचित किया जा सकता है।दीवानी अधिवक्ता संघ के चुनाव में इस बार मतगणना मतदान के अगले दिन शनिवार को होगी। पहली बार दूसरे दिन सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू की जाएगी, जो सभी पदों के परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी। चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने अंतिम दौर में मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story