सिटी स्टेशन के बंद क्वार्टर में युवक का शव मिलने से सनसनी, चेहरे पर चोट के निशान

WhatsApp Channel Join Now
सिटी स्टेशन के बंद क्वार्टर में युवक का शव मिलने से सनसनी, चेहरे पर चोट के निशान


बरेली, 08 अप्रैल (हि.स.)। बरेली के सिटी स्टेशन परिसर स्थित बंद रेलवे क्वार्टर में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। शव कई घंटे पुराना बताया जा रहा है। युवक के चेहरे और होंठ पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बरेली सिटी स्टेशन परिसर में क्वार्टर नंबर टी-16 लम्बे समय से बंद पड़ा था। बुधवार दोपहर सेक्शन इंजीनियर संजीव कुमार भारती को क्वार्टर के भीतर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद क्वार्टर का ताला खुलवाया।

अंदर पहुंचने पर पुलिस को एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी। युवक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके चेहरे और होंठ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला सामान्य नहीं माना जा रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और सिविल पुलिस मौके पर पहुंच गई। जीआरपी इंस्पेक्टर अमित शर्मा ने बताया कि घटना स्थल सिविल क्षेत्र में आता है, इसलिए मामला कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद अपराध निरीक्षक आदेश कुमार, बिहारीपुर चौकी प्रभारी शिवम और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस को मौके से मृतक की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई उसकी पहचान नहीं कर सका। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

कोतवाली इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक नशे का आदी प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि उसकी मौत मंगलवार रात के दौरान हुई होगी। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

Share this story