घर-घर पीएनजी पहुंचाने की तैयारी तेज, सिटी गैस नेटवर्क विस्तार पर जोर : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
घर-घर पीएनजी पहुंचाने की तैयारी तेज, सिटी गैस नेटवर्क विस्तार पर जोर : जिलाधिकारी


कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार और घर-घर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गैस आपूर्ति को निर्बाध और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक पीएनजी कनेक्शन देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पाइपलाइन से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बाधाओं को तुरंत दूर करने को कहा गया है। “सिटी गैस नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर उपभोक्ताओं को सस्ती, सुरक्षित और निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह बातें शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में गैस पाइपलाइन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आनी चाहिए और सभी विभाग आपसी तालमेल से परियोजनाओं को आगे बढ़ाएं। स्वीकृतियों और अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पीएनजी कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने, कराधान, भूमि उपयोग और अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में जनपद में लगभग 11 लाख उपभोक्ताओं को सिलेंडर के माध्यम से गैस आपूर्ति हो रही है, जबकि पीएनजी कनेक्शनों के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। शहरी क्षेत्र में सीयूजीएल तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टोरेंट गैस कम्पनी द्वारा कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने होटल, अस्पताल, स्कूल और अन्य संस्थानों को पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था सुरक्षित, किफायती और मीटर आधारित है, जिसमें उपभोक्ता अपनी खपत के अनुसार ही भुगतान करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story