बच्चे काे जन्म देने के बाद अविवाहित ने अपनाने से किया इंकार, पुलिस ने की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
बच्चे काे जन्म देने के बाद अविवाहित ने अपनाने से किया इंकार, पुलिस ने की कार्रवाई


बांदा, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना बबेरू अंतर्गत कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार दोपहर एक अविवाहित युवती द्वारा नवजात शिशु को जन्म देने के बाद अपनाने से मना कर दिया। इस घटना से अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में इलाज के लिए शिफ्ट कराया।

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की 20 वर्षीय युवती को उसके परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आए थे। चिकित्सीय जांच और पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि, प्रसव कराने वाली युवती अविवाहित है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार द्विवेदी महिला पुलिस बल के साथ तुरंत सीएचसी पहुंचे,और प्राथमिक जांच-पड़ताल शुरू की। कुछ ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी भी मौके पर पहुँच गए। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की गहनता से छानबीन की।

एएसपी शिवराज ने जानकारी देते हुए बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। हालांकि, युवती और उसके परिजन नवजात शिशु को अपने पास रखने से इंकार कर रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया और मौके पर चाइल्ड केयर की टीम को बुलाया गया।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत नवजात शिशु को बेहतर देखरेख के लिए जिला अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है। साथ ही, बाल कल्याण समिति को भी आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। पुलिस और बाल संरक्षण विभाग द्वारा आगे की सभी वैधानिक कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है। उधर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह पटेल ने बताया कि प्रसव के बाद अविवाहित युवती और उसके परिजन बच्चे काे लेने से इंकार कर रहे हैं। पुलिस अपना काम कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story