नशे को नहीं, नए सपनों को चुनें : शिवेंद्र प्रताप

WhatsApp Channel Join Now
नशे को नहीं, नए सपनों को चुनें : शिवेंद्र प्रताप


नशे को नहीं, नए सपनों को चुनें : शिवेंद्र प्रताप


जौनपुर,12 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में क्षेत्रीय निदेशालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा विकसित भारत युवा कनेक्ट के अंतर्गत “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. वंदना सिंह के संरक्षण में रज्जू भैया संस्थान स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित हुआ।मुख्य अतिथि शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, मानसिक क्षमता, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालती है। युवाओं को नशे से दूर रहने, साथियों के दबाव का विरोध करने तथा नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को अपमानित करने के बजाय उपचार एवं परामर्श के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे को नहीं—नए सपनों को चुनें, निष्क्रियता को नहीं—नए भारत को चुनें।” कार्यक्रम में विकसित भारत @2047 के विजन पर भी चर्चा हुई। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना, सतत विकास, महिला नेतृत्व वाला विकास, विनिर्माण एवं MSME, अंतरिक्ष एवं नवाचार, रक्षा आत्मनिर्भरता तथा भारत की वैश्विक भूमिका जैसे विषयों पर युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया। त्रिलोकीनाथ गुप्ता ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ऑफलाइन एवं ऑनलाइन नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन यूथ वालंटियर अभिनव कीर्ति पांडेय ने किया तथा समन्वय डॉ. शशिकांत यादव ने किया। इस अवसर पर प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. देवराज सिंह, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, एनसीसी प्रभारी, डॉ. प्रदीप कुमार यादव, सुमित सिंह , अर्पिता यादव, सिद्धार्थ सिंह, शिवम गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, हर्ष चतुर्वेदी, यश एवं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story