चित्रकूट : पति की हत्या मामले में पत्नी समेत तीन को उम्रकैद

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूट : पति की हत्या मामले में पत्नी समेत तीन को उम्रकैद


चित्रकूट, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में फेसबुक पर फोटो डालने को लेकर प्रेमी और प्रेमिका के पति के बीच विवाद हुआ। इस मामले में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इस मामले में महिला समेत तीन दोषियों को जिला जज शेषमणि शुक्ला की कोर्ट ने बुधवार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक को 5,000-5,000 रुपये अर्थदण्ड से दण्डित किया है।

जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्यामसुंदर मिश्रा ने बताया कि बीती 17 फरवरी 2024 को भरतकूप थाना क्षेत्र के रसिन गांव के मजरा फाटा पुरवा निवासी रामबाबू पटेल की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी जानकारी होने पर घटना के दूसरे दिन मृतक के पिता राम शरण पटेल ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ए.के. सिंह द्वारा गठित टीमों ने इस हत्याकांड का खुलासा किया था, जिसमें मृतक की पत्नी सविता पटेल ने नाबालिग प्रेमी और उसके दो साथियों के सहयोग से हत्या कराने की बात उजागर हुई थी। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। न्यायालय में मृतक की पुत्री ने बयान दिया था कि हत्यारोपी उनके पापा का दोस्त था और उसने उसकी मां के साथ अपनी फोटो फेसबुक में डाल दी थी, जिसके चलते उसके पापा रामबाबू ने आरोपित को पीट दिया था। इसके बाद आरोपित ने उसे धमकी दी थी कि ‘वह उसकी मां को विधवा और उसके परिवार को अनाथ कर देगा।’ इसका उलाहना आरोपी के परिवार को दिया गया था। लेकिन आरोपित ने अपने घरवालों के सामने उसके पापा से माफी मांग ली थी। इसके बाद फिर से आरोपित ने उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी।

बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद जिला जज शेषमणि शुक्ला ने बुधवार को इस मामले में निर्णय सुनाया। उन्होंने इस अपराध की प्रकृति एवं गंभीरता को देखते हुए मृतक रामबाबू की पत्नी सविता पटेल, बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र के टिकुरी निवासी बरकत अली और अफजल उर्फ फैजल को आजीवन कारावास की सजा के साथ 5,000-5,000 रुपये के अर्थदंड से भी दण्डित किया। इस मामले में महिला के प्रेमी के नाबालिग होने के कारण उसका मुकदमा किशोर न्यायालय स्थानांतरित कर दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Share this story