पोस्टर व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को किया डायरिया के प्रति जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
पोस्टर व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को किया डायरिया के प्रति जागरूक


मथुरा, 02 नवम्बर(हि.स.)। जनपद के पीएम श्री श्रद्धानंद प्राथमिक विद्यालय, नगर क्षेत्र झींगुरपुरा में सोमवार दोपहर को डायरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “डायरिया से डर नहीं” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पोस्टर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव, उपचार और ओआरएस व जिंक की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डायरिया से जुड़े सवालों के उत्साहपूर्वक सही जवाब देने वाले रुखसाना, गौतम, उज़्मा, दीपक और हर्ष अव्वल रहे, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता में बच्चों ने पोस्टरों के जरिए डायरिया की रोकथाम, साफ-सफाई और पौष्टिक खानपान का बेहतरीन चित्रण किया। इसमें कक्षा-तीन की आकांक्षा ने पहला, कक्षा-चार की तुलसी ने दूसरा और कक्षा-पांच की राधिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, कक्षा-पांच की काव्या को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। इन दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 37 बच्चों ने भाग लिया, जिन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अध्यापिका सुनीता चंदेल और पीएसआई इंडिया के चोब सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर पीएसआई इंडिया के अजय कुमार ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण बातें बताईं। उन्होंने समझाया कि शौच के बाद और भोजन करने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके साथ ही टीकाकरण सारणी के अनुसार टीके लगवाने, रोटावायरस व विटामिन-ए की खुराक लेने, भोजन को ढककर रखने और पीने के पानी को साफ रखने की सलाह दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि डायरिया के दौरान शरीर में पानी की कमी रोकने के लिए ओआरएस का उपयोग बेहद जरूरी है और दस्त ठीक होने के बाद भी जिंक की खुराक 14 दिनों तक जारी रखनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) टीम से अनुभा मिश्रा और स्टाफ नर्स अमित कुमार ने बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ता वीना शर्मा, माला देवी, जेएसआई की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर स्वीटी शुक्ला और शिक्षिका भुवनेश्वरी का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story