मुरादाबाद : मोबाइल लाइब्रेरी का शुभारंभ कर बोले जिलाधिकारी— पुस्तकों से जुड़ेंगे बच्चे

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : मोबाइल लाइब्रेरी का शुभारंभ कर बोले जिलाधिकारी— पुस्तकों से जुड़ेंगे बच्चे


मुरादाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। बच्चों में पुस्तकों के प्रति रुचि विकसित करने, पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने तथा समुदाय में रीडिंग कल्चर को मजबूत करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहयोग से ‘रूम टू रीड’ अभियान की शुरुआत की गई है। मुरादाबाद में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से मोबाइल लाइब्रेरी का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा हरी झंडी दिखाकर उसे जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि ‘रूम टू रीड’ अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित करना और उनमें पुस्तकों के प्रति प्रेम एवं जिज्ञासा विकसित करना है। मोबाइल लाइब्रेरी गांव-गांव और नगर-नगर जाकर बच्चों एवं समुदाय को पुस्तकों से जोड़ेगी। उन्होंने बताया कि इस पहल की शुरुआत वाराणसी से हुई है और वर्तमान में ‘रूम टू रीड’ मोबाइल लाइब्रेरी तीन दिनों तक जनपद मुरादाबाद में रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि मोबाइल लाइब्रेरी के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर जाकर बच्चों को पुस्तकों से परिचित कराया जाएगा, उन्हें पढ़ने और समझने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने की आदत विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित होना उनके ज्ञान, कल्पनाशक्ति और व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी ने अपने द्वारा शुरू किए गए ‘एक पुष्प, एक पुस्तक’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद में आने के बाद उन्होंने इस पहल की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, विवाह अथवा अन्य शुभ अवसरों पर बुके की जगह पुस्तक को उपहार के रूप में देने की परंपरा विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि पुस्तक उपहार में देने से न केवल पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लेखकों और साहित्यकारों का मनोबल भी बढ़ेगा। घर-परिवार और समाज में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ने से ज्ञानवर्धक एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि मोबाइल लाइब्रेरी और ‘एक पुष्प, एक पुस्तक’ जैसे प्रयास बच्चों एवं आमजन को पुस्तकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने सभी से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ऋतु तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story