नोएडा में बारहवीं फ्लोर की बालकनी से गिरकर मासूम बच्चे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा में बारहवीं फ्लोर की बालकनी से गिरकर मासूम बच्चे की मौत


नोएडा, 21 मार्च (हि.स.)। जिले के बिसरख थाना में एक सोसाइटी के 12वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट की बालकनी से नीचे गिरकर तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय बच्चे की मां उसे फ्लैट में अकेला छोड़कर दूसरे बच्चे को ट्यूशन छाेड़ने के लिए गई थी।

बिसरख थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने शनिवार को बताया कि लाइफ सिटी हॉस्पिटल से सूचना मिली कि गौर सिटी वन सेवन एवेन्यू सोसाइटी के 12वें फ्लोर पर संजयपाल सयुंक्त परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी मंजू पाल शुक्रवार दोपहर को छोटे बेटे सागनिक पाल (03) को घर में अकेला छोड़कर बड़े बेटे को सोसाइटी के अंदर ही ट्यूशन सेंटर छोड़ने गई थीं। सागनिक बालकनी में खेल रहा था। तभी वह नीचे जमीन पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देर रात को अस्पताल कर्मचारियों की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस घटना से सोसाइटी के लोगों का कहना है कि फ्लैट की बालकनी के बीच में लगी रेलिंग में आपस मे इतना गैप है कि कोई भी बच्चा खेलते हुए नीचे गिर सकता है। इस घटना को लेकर लोगों ने बिल्डर के प्रति रोष जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story