तालाब में डूबने से मासूम की मौत
बाराबंकी, 15 अगस्त (हि.स.)। रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसुरिया में शनिवार को घर के सामने स्थित तालाब में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
भैंसुरिया निवासी सिराज का करीब डेढ़ वर्षीय पुत्र निहाल शनिवार को घर के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते वह तालाब के पास पहुंच गया और किसी तरह तालाब में जा गिरा। कुछ देर बाद जब परिजनों को बच्चे के तालाब में डूबने की जानकारी हुई तो उन्होंने आनन-फानन उसे बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद निहाल को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत तालाब में डूबने से हुई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

