चूल्हे की भड़की आग से झुलसकर बच्चे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
चूल्हे की भड़की आग से झुलसकर बच्चे की मौत


रायबरेली, 24 अप्रैल(हि.स.)। चूल्हे से भड़की आग में झुलसकर शुक्रवार को एक बच्चे की मौत हो गई। घर में लगी आग को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह काबू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है, जबकि राजस्व कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया है।

जिले के खीरों थाना क्षेत्र के ऐंठी गांव के रामसुमेर की पत्नी रेशमी अपनी झोपड़ी में खाना बनाकर सास राजवती को उनके घर पर खाना देने गई थी, जबकि बड़ा बेटा सात वर्षीय आदर्श (7) घर के बाहर खेल रहा था और आदित्य (3) झोपड़ी के अंदर सो रहा था। इसी दौरान अचानक चूल्हे की चिंगारी से भड़की आग झोपड़ी में फैल गई।

आदर्श ने तो किसी तरह भागकर जान बचाई, लेकिन छोटा बेटा आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीण दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आदित्य को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक जलकर उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक , लेखपाल की टीम ने घटना से हुए नुकसान का आंकलन किया है।

खीरों थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लालगंज के तहसीलदार शुभम राठौर का कहना है कि शीघ्र ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story