तेंदुए के हमले से घायल मासूम की हालत में अभी सुधार नहीं

WhatsApp Channel Join Now
तेंदुए के हमले से घायल मासूम की हालत में अभी सुधार नहीं


मुरादाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। थाना कांठ क्षेत्र के गांव दरियापुर के जंगल में तेंदुए के हमले से घायल हुए तीन साल के मासूम हर्ष की हालत में अभी सुधार नहीं है। परिजन मेरठ के मेडिकल हॉस्पिटल में उसका इलाज कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में भी तेंदुए की दहशत बरकरार है। उन्होंने तेंदुए को पकड़े जाने की मांग वन विभाग के अधिकारियों से की है।

कांठ तहसील क्षेत्र के गांव दरियापुर के रहने वाले सुनील कुमार तीन दिन पूर्व शनिवार की शाम अपनी पत्नी विमलेश के साथ खेत पर गन्ने की खोदाई कर रहे थे। यहीं पास में ही खेत में उनका तीन साल का मासूम बेटा भी खेल रहा था। इस दौरान खेत में गन्ने के बीच छिपकर बैठे तेंदुए ने अचानक हर्ष पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सुनील और विमलेश ने जैसे-तैसे हर्ष को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया था। वह उसे लहूलुहान हालत में इलाज के लिए कांठ सीएचसी लाए थे, यहां से हर्ष को जिला अस्पताल ले गए, वहां से भी उसे मेरठ रेफर कर दिया गया था। बुधवार शाम को घायल बच्चे के ताऊ कृष्णवीर सिंह ने बताया कि अभी उनके भतीजे की हालत में सुधार नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story