मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना ने संवारी कानपुर के हुनरमंदों की तकदीर : अंजनीश प्रताप

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना ने संवारी कानपुर के हुनरमंदों की तकदीर : अंजनीश प्रताप


-नवाचार और कौशल के समन्वय से नवीन गुप्ता ने लेदर क्राफ्ट को दी नई वैश्विक पहचान-खाद्य विज्ञान और ममता का अनूठा संगम, युसरा की 'कुकी कप्स' बनीं नई माताओं का संबल-तकनीक की दुनिया छोड़ अनुभव शुक्ला ने मशरूम उत्पादन में स्थापित किए सफलता के प्रतिमान

कानपुर, 13 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना कानपुर के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के मार्ग में मील का पत्थर साबित हो रही है। हमारे युवा अब केवल रोजगार के आकांक्षी नहीं हैं, बल्कि वे स्वयं रोजगार के सृजक बनकर प्रदेश की उन्नति में सहभागी बन रहे हैं। प्रशासन ऐसे सभी उत्साही उद्यमियों को हरसंभव सहयोग और मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बातें बुधवार को उपायुक्त उद्योग, कानपुर अंजनीश प्रताप सिंह ने कही।

उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना कानपुर के महत्वाकांक्षी युवाओं के लिए प्रगति का नया द्वार खोल रही है। इस योजना के माध्यम से मिलने वाले वित्तीय सहयोग और प्रोत्साहन ने जिले के कई शिक्षित युवाओं को स्वावलंबन की राह दिखाई है। अपनी मेहनत और सरकार के सहयोग से इन युवाओं ने न केवल स्वयं का व्यवसाय स्थापित किया है, बल्कि आज वे दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।

--लेदर शिल्पकला में नवीन का आधुनिक प्रयोग

कानपुर के गुजैनी निवासी नवीन गुप्ता ने अपने पारम्परिक लेदर कार्य को आधुनिक व्यावसायिक दृष्टिकोण के साथ नई ऊंचाई दी है। वर्ष 2025 में योजना अंतर्गत प्राप्त पांच लाख रुपये के ऋण की सहायता से उन्होंने घुड़सवारी (हॉर्स राइडिंग) से संबंधित विशिष्ट उत्पादों का निर्माण प्रारम्भ किया। आज वे न केवल उच्च गुणवत्ता वाले लेदर गियर और राइडर्स के लिए विशेष परिधान तैयार कर रहे हैं, बल्कि लगभग सात लाख रुपये के वार्षिक टर्नओवर के साथ सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

--युसरा का स्टार्टअप: स्वाद और स्वास्थ्य का बेजोड़ संगम

डिप्टी पड़ाव की निवासी और कानपुर विश्वविद्यालय से एमएससी फूड टेक्नोलॉजी की छात्रा युसरा राबिया फातिमा ने अपनी विशेषज्ञता का उपयोग महिलाओं के स्वास्थ्य कल्याण हेतु किया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से प्राप्त पांच लाख 75 हज़ार रुपये की सहायता से उन्होंने अपने स्टार्टअप 'जॉयलिशियस' के अंतर्गत 'फेम फ्लेवर्स' नामक एक विशेष सेगमेंट की शुरुआत की है। उन्होंने तीन छात्राओं को नौकरी भी दी है। युसरा द्वारा विकसित 'पोस्टपार्टम फटीग कुकी कप्स' पारंपरिक पोषण और आधुनिक स्वाद का एक अनूठा फ्यूजन हैं, जो प्रसव के बाद महिलाओं में होने वाली पोषक तत्वों की कमी और थकान को प्राकृतिक रूप से दूर करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

--सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग से उन्नत कृषि तक का सफर

गुमटी नंबर-5 के रहने वाले अनुभव शुक्ला की कहानी उन युवाओं के लिए पथ-प्रदर्शक है, जो लीक से हटकर कुछ नया करने का साहस रखते हैं। पेशे से सॉफ्टवेयर डेवलपर रहे अनुभव ने तकनीक की सुख-सुविधाओं को छोड़कर कृषि क्षेत्र में नवाचार करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से प्राप्त पांच लाख रुपये की सहायता से उन्होंने मशरूम उत्पादन की इकाई स्थापित की। आज वे उन्नत वैज्ञानिक पद्धतियों का प्रयोग कर मशरूम की खेती से सम्मानजनक आय अर्जित कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story