मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां तेज


एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बांदा, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस., पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल तथा अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन और प्रस्तावित कार्यक्रम पंडित जवाहर लाल नेहरु पीजी कालेज स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी प्लान, पुलिस बल की उपलब्धता, वाहन प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सुरक्षा घेरा, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीवीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

एडीजी ज्योति नारायण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए समुचित कार्ययोजना के अनुरूप आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और कार्यक्रम स्थल के प्रत्येक बिंदु पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री के 09 जुलाई को संभावित आगमन को लेकर जिले में तैयारियां लगातार तेज हो रही हैं और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story