जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह से उनके जीवन में खुशहाली लाना सरकार का उद्देश्य : सरोज कुरील

WhatsApp Channel Join Now
जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह से उनके जीवन में खुशहाली लाना सरकार का उद्देश्य : सरोज कुरील


कानपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराकर उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत का अवसर देना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य है। नवविवाहित जोड़े सुखद दांपत्य जीवन की शुरुआत करें और उनके परिवारों में खुशहाली आए।

यह बातें शनिवार को घाटमपुर भाजपा विधायक सरोज कुरील ने कहीं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आज हमीरपुर रोड स्थित कठेरुआ, बिधनू के क्षत्रिय पैलेस में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 89 जोड़े सामाजिक और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधे। घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने समारोह में पहुंचकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

समारोह में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 72, अन्य पिछड़ा वर्ग के 12, सामान्य वर्ग के दो और अल्पसंख्यक वर्ग के तीन जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर, निराश्रित और जरूरतमंद परिवारों की विवाह योग्य महिलाओं को लाभान्वित किया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में ऑनलाइन दिए जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये मूल्य की उपहार सामग्री नवदंपतियों को उपलब्ध कराई जाती है। विवाह समारोह की व्यवस्थाओं पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इस प्रकार 89 जोड़ों के लिए कुल 89 लाख रुपये का प्रावधान रहा।

समारोह में राधा-कृष्ण की रासलीला पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। कार्यक्रम में पतारा ब्लॉक प्रमुख कोमल सिंह सेंगर, खंड विकास अधिकारी शिवनरेश, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय कुमार उत्तम और जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story