मुख्यमंत्री योगी आज देवरिया जनपद को देंगे 305 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री योगी आज देवरिया जनपद को देंगे 305 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात


देवरिया, 29 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मझौलीराज में आयोजित कार्यक्रम में सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों को करीब 305 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान कुल 80 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 23 परियोजनाओं का लोकार्पण 139.47 करोड़ रुपये की लागत से और 57 परियोजनाओं का शिलान्यास 165.50 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल और संपर्क मार्गों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनके पूरा होने से दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पूर्वाह्न करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से मझौलीराज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा पांच लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रमाणपत्र और सहायता राशि वितरित करेंगे। करीब एक घंटे 15 मिनट के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:15 बजे रवाना होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story