गन्ने के साथ चिया सीड्स की इंटरक्रॉपिंग को बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
गन्ने के साथ चिया सीड्स की इंटरक्रॉपिंग को बढ़ावा


बागपत, 14 मई (हि.स.)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना बेल्ट में अब खेती का स्वरूप बदलने की तैयारी चल रही है। बागपत प्रशासन किसानों को कम पानी में अधिक मुनाफा देने वाली फसलों की ओर प्रेरित कर रहा है। इसी दिशा में जिले में गन्ने के साथ चिया सीड्स की इंटरक्रॉपिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम प्रशासन को मिले हैं।

जनता वैदिक पीजी कॉलेज में गुरुवार को आयोजित क्षेत्रीय एग्री पॉलिसी डायलॉग कार्यक्रम में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि किसानों को बाहरी कृषि विशेषज्ञों द्वारा चिया खेती का प्रशिक्षण दिलाया गया है। प्रशासन ने फसल की खरीद-बिक्री आसान बनाने के लिए बाजार से जुड़ी फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज व्यवस्था भी विकसित की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन खेती के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है, इसलिए टिकाऊ और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। अधिकारियों के अनुसार चिया की फसल में पानी कम लगता है, ओलावृष्टि और खराब मौसम का असर भी कम पड़ता है तथा नीलगाय से नुकसान नहीं होता। कार्यक्रम में किसानों, एफपीओ, कृषि विशेषज्ञों और अधिकारियों ने टिकाऊ खेती, जल संरक्षण और फसल विविधीकरण पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story