एआई से तैयार प्रश्नपत्रों की त्रुटियों की जांच कर दोबारा कराएं परीक्षाएं : दिनेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
एआई से तैयार प्रश्नपत्रों की त्रुटियों की जांच कर दोबारा कराएं परीक्षाएं : दिनेश यादव


कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों से समझौता नहीं होना चाहिए। एआई से तैयार प्रश्नपत्रों में गलत और पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न शामिल होना गंभीर मामला है। इनकी निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जाए और जिन विषयों के प्रश्नपत्रों में गंभीर त्रुटियां मिली हैं, उनकी परीक्षाएं दोबारा कराई जाएं। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रांत मंत्री दिनेश यादव ने कहीं।

एबीवीपी की विश्वविद्यालय इकाई ने परिसर की मूलभूत समस्याओं और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मांग की कि परीक्षाएं अकादमिक कैलेंडर के अनुसार कराई जाएं। साथ ही प्रश्नपत्रों में त्रुटियों की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित हो और भविष्य में एआई से तैयार प्रश्नपत्रों का विषय विशेषज्ञों से सत्यापन कराया जाए।

ज्ञापन में फाइन आर्ट्स विभाग की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, बेसिक साइंस विभाग के पीछे गंदे नाले की सफाई, विभागों के शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन रूम, कैंटीन की क्षमता बढ़ाने और उचित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की बात भी रखी गई।

इसके अलावा विश्वविद्यालय की गलती से मार्कशीट और डिग्री में हुई त्रुटियों को निशुल्क सुधारने, 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम का आधिकारिक आधार और छूट के प्रावधान सार्वजनिक करने की मांग की गई। पुस्तकालय में पर्याप्त अध्ययन सामग्री, बैठने की व्यवस्था और सामान सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम बनाने की भी मांग उठाई गई।

महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, कॉमन रूम, कैंटीन और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों का अधिकार हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को इन समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए। परिषद ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मयंक पासवान, आरसी तिवारी, अनामिका गौड़, आशुतोष तिवारी, आर्यन तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780095 Articles

Share this story