फर्रुखाबाद : सीएचसी में खड़ी दो एम्बुलेंस आग में जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : सीएचसी में खड़ी दो एम्बुलेंस आग में जलकर खाक


फर्रुखाबाद,23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कंपिल परिसर में गुरुवार को अचानक उस समय हड़कंप मच गया, जब काफी समय से खराब हालत में खड़ी डायल 102 और 108 एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि देखते ही देखते परिसर में धुएं का गुबार फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक एम्बुलेंस से हल्का धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं और पास खड़ी दूसरी एम्बुलेंस को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देख अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ में दहशत फैल गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना की सूचना तत्काल थाना कंपिल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए टंकी के पाइप से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे काबू में करना मुश्किल हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझने के बाद दोनों एम्बुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग अस्पताल के अन्य हिस्सों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

सीएचसी कंपिल के प्रभारी डॉ. सुनील ने बताया कि परिसर में काफी समय से खराब पड़ी दो एम्बुलेंस में आज अचानक आग लग गई। प्रथम दृष्टया अनुमान लगाया जा रहा है कि भीषण गर्मी या तकनीकी कारणों से आग लगी होगी। फिलहाल, घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ज्वलनशील कबाड़ को लंबे समय तक अस्पताल परिसर में खुले में रखना खतरे से खाली नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story