महिला चौकीदार नन्ही की हत्या करने वाले पांच आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

WhatsApp Channel Join Now
महिला चौकीदार नन्ही की हत्या करने वाले पांच आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल


मुरादाबाद, 11 मई (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में बीते 23 फरवरी की शाम महिला चौकीदार नन्ही की हत्या करने वाले पांच आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। नन्ही की हत्या उसके दामाद के भतीजे इरफान ने सुपारी देकर कराई थी। 250 पेज की चार्जशीट में 30 गवाह बनाए गए हैं।

कुंदरकी थाना क्षेत्र के ऊंचाकानी गांव निवासी महिला नन्ही (55) की मझोला थाने के पास 23 फरवरी की शाम करीब सात बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या कर भाग रहे एक आरोपित को नन्ही के बेटे महबूब ने पकड़ लिया था। चार आरोपित भाग गए थे। महबूब ने भगतपुर के उदावाला रोशनपुर निवासी मो. शानिव सैफी, जुनैद, भोजपुर के मोहल्ला नावपुर निवासी शानिव, इमरान और भोजपुर निवासी बिट्टू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पांचों आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए थे। चार्जशीट में दावा किया गया है कि नन्ही ने अपनी बेटी की शादी अपने ही गांव ऊंचाकानी में लियाकत के साथ की थी। लियाकत का अपने भाई रियासत और उसके बेटे इरफान से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। नन्ही रियासत औरउसके बेटे इरफान को जेल भिजवाने की धमकी देती थी। इरफान ने बिट्टू को नन्ही की हत्या के लिए एक लाख 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। इसके बाद बिट्टू ने मो. शानिव, शानिव और इमरान के साथ मिलकर नन्ही की हत्या की थी।

पुलिस ने इस मामले की विवेचना पूरी करने के बाद इरफान, इमरान, बिट्टू, मो. शानिव, शानिव के खिलाफ कोर्ट में आज चार्जशीट दाखिल कर दी है। जिसमें नन्ही बेटे, यूपी 112 के सिपाही, विवेचक, डॉक्टर समेत 30 गवाह बनाए गए हैं। इस मामले में एक अन्य आरोपित जुनैद को इस मामले में आरोपित बनाया गया था। विवेचना में भोजपुर के उदावाला रोशनपुर निवासी जुनैद की भूमिका सामने नहीं आई। पुलिस ने उसे क्लीनचिट दे दी और चार्जशीट में उसका नाम शामिल नहीं किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story