कांग्रेस के इतिहास में वंदे मातरम के विरोध वाला अध्याय काले अक्षरों में लिखा जाएगा : दिनेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस के इतिहास में वंदे मातरम के विरोध वाला अध्याय काले अक्षरों में लिखा जाएगा : दिनेश शर्मा


कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस का वंदे मातरम के केवल दो छंद गाने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। आजादी से पहले कांग्रेस का इतिहास गौरवशाली था, लेकिन आजादी के बाद उसका स्वरूप बदल गया। कांग्रेस के इतिहास में वंदे मातरम के विरोध वाला अध्याय काले अक्षरों में लिखा जाएगा। यह बातें रविवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहीं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा आज गोविंदनगर पहुंचे। वह साबला मार्केट से पनकी रोड के बीच स्थित एल स्टार बिल्डिंग में आयोजित ‘भदौरिया आवासीय’ के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने प्रतिष्ठान के शुभारंभ के अवसर पर लोगों को संबोधित किया।

वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि आजादी से पहले कांग्रेस का इतिहास गौरवशाली रहा, लेकिन आजादी के बाद उसका स्वरूप बदल गया। उन्होंने कहा कि जिन्ना और मुस्लिम लीग ने कभी वंदे मातरम का विरोध किया था और अब कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी इसके विरोध की स्थिति में दिखाई दे रहे हैं।

अखिलेश यादव के भाजपा को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा का मतलब उनके लिए ‘भारत जान से प्यारा’ है। भाजपा सरकार पाकिस्तान के अंदर घुसकर जवाब देना जानती है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि ये कार्रवाई भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुईं।

परिवारवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इसका उदाहरण हैं। दोनों दल परिवार से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और इसी वजह से तेजी से पतन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने चुनाव के समय विपक्षी नेताओं की सक्रियता को ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ बताया।

नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने के फैसले पर अखिलेश यादव के बयान को लेकर शर्मा ने कहा कि सुरक्षा का आकलन खतरे के आधार पर किया जाता है। इसमें जाति या राजनीतिक दल नहीं देखा जाता। उन्होंने कहा कि मायावती, अखिलेश यादव या किसी अन्य नेता की सुरक्षा जरूरत के अनुसार तय की जाती है। जब बुलेटप्रूफ वाहन, कमांडो और अन्य सुरक्षा व्यवस्था दी जा रही है तो केवल बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है।

जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश के बयान वाले सवाल पर दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी को इस तरह संबोधित करना केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे जाट समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी ऐसी राजनीतिक विरासत से आते हैं, जिसमें देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की परंपरा रही है। ऐसे व्यक्ति को ‘चवन्नी से रुपया’ बनाने जैसी टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राजनीतिक और सामाजिक पहचान रखने वाले व्यक्ति के लिए इस तरह की टिप्पणी करना पूरे जाट समाज का अपमान है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story