एआई के दौर में शिक्षण पद्धतियों में बदलाव जरूरी, शिक्षाविदों ने किया मंथन : डॉ. विभा अरोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
एआई के दौर में शिक्षण पद्धतियों में बदलाव जरूरी, शिक्षाविदों ने किया मंथन : डॉ. विभा अरोड़ा


कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रहा है। शिक्षकों और संस्थानों को एआई से जुड़ी चुनौतियों को समझने के साथ इसकी संभावनाओं का उपयोग विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए करना होगा। यह बातें रविवार को आईबीएस बिजनेस स्कूल की ओर से आयोजित हेड ऑफ डिपार्टमेंट्स मीट में एसोसिएट डीन डॉ. विभा अरोड़ा ने कहीं।

आईबीएस बिजनेस स्कूल, कानपुर की ओर से आज हेड ऑफ डिपार्टमेंट्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें कानपुर के करीब 30 संस्थानों और विश्वविद्यालयों से लगभग 40 विभागाध्यक्ष, टीपीओ और शिक्षाविद शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रबंधन शिक्षा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और जनरेटिव एआई के बढ़ते प्रभाव पर विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. विभा अरोड़ा ने “टीचिंग टुडे बिहाइंड द एआई चैलेंज, जनरेटिव एआई इन एजुकेशन, इज डिसरप्शन एंड ट्रांसफॉर्मेशन” विषय पर प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनरेटिव एआई ने शिक्षण, शोध और विद्यार्थियों के सीखने के तरीकों में बड़ा बदलाव किया है। ऐसे में शिक्षकों को नई तकनीक के साथ खुद को अपडेट करते हुए विद्यार्थियों को तकनीक के सही और जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए तैयार करना होगा।

आईबीएस बिजनेस स्कूल की रीजनल मैनेजर तनुज जेटली ने कहा कि एआई के बदलते दौर में शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान बेहद जरूरी है। इस तरह के आयोजनों से विभागाध्यक्षों और शिक्षाविदों को नई तकनीकों पर चर्चा करने के साथ शिक्षा क्षेत्र में आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में आईबीएस बिजनेस स्कूल के ब्रांच मैनेजर अंकित त्रिवेदी ने डॉ. विभा अरोड़ा और विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए प्रतिभागियों का परिचय कराया।

डॉ. विभा अरोड़ा डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त हैं और उन्हें 24 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव है। उन्होंने विभिन्न बिजनेस कॉलेजों में शोध और फैकल्टी डेवलपमेंट से जुड़े कार्यक्रमों का संचालन किया है।

कार्यक्रम के अंत में तनुज जेटली ने डॉ. विभा अरोड़ा समेत सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन आईबीएस बिजनेस स्कूल इन्फॉर्मेशन, कानपुर कार्यालय की ओर से किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story