सड़क सुरक्षा नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 80 वाहनों के चालान
बागपत, 18 जुलाई (हि.स.)। बागपत जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) विपिन कुमार के निर्देशन में यह अभियान शनिवार काे संचालित किया गया, जिसमें 80 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान दिल्ली सहारनपुर हाईवे सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान ओवर स्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नो पार्किंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
एआरटीओ विपिन कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तय गति सीमा का पालन करें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

